पिछले तीन दिनों से अयोध्या एक बार फिर छावनी जैसी दिख रही है. चप्पे-चप्पे पर पुलिस, पीएसी और अर्धसैनिक बल
के जवान दिख रहे हैं. मुख्य सड़क पर बीच-बीच में सायरन बजाती सुरक्षाबलों
की गाड़ियां नज़र आ रही हैं.
ऐसा इसलिए है क्योंकि सरयू तट पर दीपावली से ठीक एक दिन पहले भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम होना है और क़रीब तीन
लाख दीये जलाने का रिकॉर्ड क़ायम करना है.पिछले साल एक दिवसीय दीपावली महोत्सव से उत्साहित राज्य सरकार ने इस बार कार्यक्रम तीन दिन का कर दिया है. पिछले दो दिन से शहर में रामलीला समेत कई सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए और मंगलवार सरयू तट पर भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम होगा.
राम की पैड़ी पर सरयू घाट के दोनों ओर की सीढ़ियों के ऊपर मिट्टी के दीये सजाकर रखे गए हैं और शाम को जैसे ही उनमें तेल भरकर उन्हें प्रज्ज्वलित किया जाएगा, पूरा घाट जगमग हो जाएगा. घाटों को वैसे भी पिछले दो दिनों से रोशनी से नहलाने के लिए लेज़र बीमों और ख़ूबसूरत प्रकाश का इस्तेमाल किया जा रहा है.
राज्य सरकार के आला अधिकारी पिछले क़रीब दो हफ़्ते से तैयारियों का जायज़ा ले रहे हैं. इनमें राज्य के मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय, डीजीपी ओपी सिंह और अपर मुख्य सचिव सूचना अवनीश अवस्थी भी शामिल हैं. इस बीच, दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति की पत्नी किम जोंग-सूक सोमवार देर शाम लखनऊ पहुंच चुकी हैं.
बड़ी संख्या में वीआईपी आवागमन को देखते हुए सोमवार से ही सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं. नया घाट के अंदर वाहनों के आने-जाने पर पाबंदी सोमवार से ही लगा दी गई जबकि और जगहों पर भी वाहनों के आवागमन पर कड़ी चौकसी रखी जा रही है.
राज्य के डीजीपी ओपी सिंह कहते हैं कि ये उनके लिए बहुत ही चुनौतीपूर्ण है क्योंकि उसी दिन लखनऊ में भारत-वेस्टइंडीज़ के बीच टी-20 मैच भी रखा गया है.
वहीं सोमवार देर रात तक अयोध्या की सड़कों पर चहल-पहल रही. कुछ लोग सरयू घाट पर रोशनी और दीयों की सजावट देख रहे थे तो कुछ धनतेरस की ख़रीदारी में व्यस्त थे. अयोध्या शहर के भीतर मुख्य मार्ग की सड़क पर मरम्मत कार्य भी चल रहा था.
नया घाट के पास बर्तन की दुकान रखने वाले विष्णु कुमार कहते हैं, "इतनी भीड़-भाड़ और आवाजाही के चलते धंधा बैठ गया है. कई बार दुकान बंद रखनी पड़ती है. पुलिस की इतनी सक्रियता के चलते ग्राहक भी नहीं आते, घर में ही रहने में भलाई समझते हैं."
कुछ लोगों से बात हुई तो कहने लगे कि पता नहीं दीपोत्सव उन्हें देखने को मिलेगा या फिर ये सिर्फ़ बाहर से आए मेहमानों के लिए ही होगा. साकेत कॉलेज में बीए फ़ाइनल इयर के छात्र दिनेश वर्मा कहते हैं, "इतनी सुरक्षा व्यवस्था है, इतने बड़े लोग आ रहे हैं, कहां हमें वहां जाने को मिलेगा. दूसरे, इतनी चेकिंग लगाए हुए हैं कि वहां जाने से पहले आदमी दस बार सोचेगा."
अयोध्या में 6 नवंबर को होने वाले भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम के लिए सरयू तट का इलाका रंग-बिरंगी लाइटों और अन्य आकर्षक कृतियों से सजाया गया है. पर्व की मुख्य अतिथि कोरिया गणराज्य की प्रथम महिला किम-जोंग-सूक की उपस्थिति को यादगार बनाने की तैयारी की जा रही है.
इसके मद्देनज़र अयोध्या के रामकथा संग्रहालय, रामकथा पार्क से लेकर सरयू तट और राम की पैड़ी क्षेत्र में कई आयोजनों के माध्यम से इसे श्रद्धालुओं और यहां आने वाले मेहमानों के लिए ख़ास बनाने की तैयारी की गई है.
तय कार्यक्रम के अनुसार राम राज्याभिषेक के बाद सरयू तट पर कोरिया और भारत के संबंधों को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक रूप से दीपदान से दीपोत्सव पर्व का शुभारंभ होगा.
No comments:
Post a Comment